आज से गणेशोत्सव का आगाज : घर-घर गणेशजी की स्थापना

September 19,2023

नागपुर : नागपुर और विदर्भ सहित समूचे देश में आज से गणेशोत्सव का आगाज हो चुका है। इस शुभ अवसर पर शहर में घर-घर गणेशजी की स्थापना की गई है। देशभर में मशहूर टेकड़ी गणेश मंदिर में सुबह से ही हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे थे, जो देर रात तक दर्शन का सिलसिला जारी है। उपराजधानी नागपुर में विभिन्न गणेशोत्सव मंडलों द्वारा गणेशजी की भव्य मूर्ति की स्थापना आज देर शाम तक की जा रही थी। सुबह से ही चितार ओली महल में गाजे बाजे के साथ भक्त भगवान गणेश जी को अपने आवास पर ले जाते दिखाई दिए। वहीं घर-घर में पूजा-पाठ शुरू होने से शहरभर में एक अलग ही चैतन्य का आभास हो रहा है।


गणेश उत्सव पर पुलिस का कड़ा बंदोबस्त

उपराजधानी में 950 सार्वजनिक मंडलों की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस होमगार्ड और एसआरपी के अधिकारियों सहित करीब 8 हजार जवानों की तैनाती की गई है। आज मंगलवार सुबह से ही पुलिस ने बंदोबस्त स्थलों पर मोर्चा संभाल लिया था।

पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने आलाअधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा करके बंदोबस्त के दौरान बेहद सतर्क रहने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इस दौरान पुलिस ने नागरिकों से आवाहन किया है की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई भी सूचना होने पर पुलिस से तुरंत संपर्क करें। शहर में  950 सार्वजनिक मंडल प्रतिमाओं की स्थापना करने के लिए आवेदन किया गया है जिसमे 187 मंडलों का बड़े स्तर पर आयोजन होने वाला है ।इन सभी की सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है।

बड़े मंडलों को भगदड़ की स्थिति को टालने के लिए तथा श्रद्धालुओं की संख्या को काबू में रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए कहा गया हैं। गणेश मंडल तथा शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार तथा सह आयुक्तयुक्त अस्वती दोरजे के मार्गदर्शन में 300 अधिकारी, 8000 कर्मचारी, 1200 होमगार्ड और एसआरपी की एक कंपनी तैनात की गई है। इसके अलावा बम शोधक नाशक दल, एटीएस और स्ट्राइकिंग फोर्स को भी तैयार रखा गया है।